नैनो टेक्नोलॉजी RAS प्रीलिम्स : मूल बातें, प्रकार और अनुप्रयोग

नैनो टेक्नोलॉजी RAS प्रीलिम्स के लिए : मूल बातें, प्रकार और अनुप्रयोग: विज्ञान व प्रौद्योगिकी के अंतर्गत नैनो टेक्नोलॉजी वह क्षेत्र है, जिसमें पदार्थों का अध्ययन और उपयोग नैनोमीटर स्तर (1–100 nm) पर किया जाता है, जहाँ उनकी विशेषताएँ भिन्न हो जाती हैं। इसके अंतर्गत नैनो कणों के प्रकार, संरचना तथा उनके चिकित्सा, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऊर्जा और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में व्यापक अनुप्रयोगों का अध्ययन किया जाता है, जो RAS प्रीलिम्स के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

परिचय 

  • परिभाषा: नैनो टेक्नोलॉजी से तात्पर्य नैनो-स्तर (1 से 100 नैनोमीटर) पर पदार्थ के हेरफेर और नियंत्रण के अध्ययन से है (1 nm = 10-9 metres)।
  • अवधारणा का मूल: नैनो टेक्नोलॉजी का विचार सर्वप्रथम भौतिक विज्ञानी रिचर्ड फेनमैन ने 1959 में अपने शोध पत्र “देयर इज़ प्लेंटी ऑफ रूम एट द बॉटम” में प्रस्तुत किया था।
  • शब्दावली: ‘नैनो टेक्नोलॉजी’ शब्द को सबसे पहले प्रोफेसर नोरियो तानिगुची द्वारा गढ़ा गया था।
नैनो टेक्नोलॉजी

नैनो टेक्नोलॉजी की विशेषताएँ (Characteristics)

  • नैनो-पदार्थ अपने आकार और सतही प्रभाव के कारण स्थूल या सूक्ष्म-पदार्थों से भिन्न गुण प्रदर्शित करते हैं।
  • प्रमुख विशेषताएँ:
    •  उच्च सतह क्षेत्र से आयतन अनुपात: नैनोकणों का सतह क्षेत्र उनके आयतन के अनुपात में स्थूल पदार्थों की तुलना में बहुत अधिक होता है।
    • अद्वितीय गुण: यह उच्च अनुपात उन्हें विशिष्ट गुण प्रदान करता है, जिनमें शामिल हैं:
      • बढ़ी हुई रासायनिक अभिक्रियाशीलता (Chemical reactivity)
      • अत्यधिक मजबूती (Strength)
      • अधिक अणुओं को अवशोषित करने की क्षमता।
  • अनुप्रयोग: इन अद्वितीय गुणों के कारण, नैनो-पदार्थ चिकित्सा, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अनुप्रयोगों के लिए अत्यधिक उपयुक्त होते हैं।
  • नैनोस्केल आयाम (Dimensions):
    • माप: 1 नैनोमीटर = एक मीटर का एक अरबवां हिस्सा (10⁻⁹ मीटर)।
    • तुलनात्मक उदाहरण:
वस्तुअनुमानित माप (नैनोमीटर में)
कागज की शीट (मोटाई)लगभग 100,000 nm
मानव बाल (चौड़ाई)लगभग 80,000–100,000 nm
वायरसलगभग 100 nm
DNA स्ट्रैंड (व्यास)लगभग 2 nm

नैनो-स्तर पर पदार्थों के विशिष्ट गुण (Key Properties)

  • क्वांटम प्रभाव (Quantum Effects)
    • क्वांटम परिरोध (Quantum Confinement):
      • नैनो-स्केल पर, इलेक्ट्रॉनों की गति सीमित हो जाती है, जिससे उनकी ऊर्जा के स्तर असतत (Discrete) हो जाते हैं।
      • यह परिवर्तन पदार्थ के विद्युतीय, प्रकाशीय और चुंबकीय गुणों को बदल देता है।
      • उदाहरण:
        • प्रकाशीय: क्वांटम डॉट्स का रंग उनके आकार पर निर्भर करता है (उपयोग: LED डिस्प्ले, मेडिकल इमेजिंग)।
        • विद्युतीय: इलेक्ट्रॉन टनलिंग (उपयोग: टनलिंग डायोड)।
    • सुपरपैरामैग्नेटिज्म (Superparamagnetism):
      • इस स्तर पर पदार्थ केवल बाहरी चुंबकीय क्षेत्र के संपर्क में आने पर ही चुम्बकत्व प्रदर्शित करते हैं।
      • उदाहरण: MRI में प्रयुक्त कंट्रास्ट एजेंट।
  • उच्च सतह क्षेत्र से आयतन अनुपात (High Surface Area to Volume Ratio)
    • बढ़ी हुई अभिक्रियाशीलता:
      • नैनोकणों का अत्यंत उच्च सतह क्षेत्र उनकी रासायनिक सक्रियता को बढ़ा देता है।
      • उदाहरण: नैनो-उत्प्रेरक (Nanocatalysts) जैसे प्लैटिनम और सोना, ईंधन सेल और ऑटोमोटिव उद्योगों में रासायनिक अभिक्रियाओं की गति को तीव्र करते हैं।
    • यांत्रिक और भौतिक गुणों में परिवर्तन:
      • अत्यधिक मजबूती: कार्बन नैनोट्यूब (CNTs) अपनी अनूठी संरचना के कारण बेहद मजबूत और हल्के होते हैं।
      • गलनांक में कमी: कण का आकार घटने पर पदार्थ का गलनांक काफी कम हो जाता है (जैसे- सोने के नैनोकणों का गलनांक उनके स्थूल रूप से बहुत कम होता है)।
      • सुधरे हुए गुण: बेहतर विलेयता (Solubility), चालकता (Conductivity), और जैविक प्रणालियों के साथ बेहतर अंतःक्रिया।
    • सतही बल और घर्षण:
      • केशिका बल: बड़े सतह क्षेत्र के कारण केशिका बल अधिक प्रभावशाली हो जाते हैं।
      • नैनोस्केल घर्षण (Nanoscale Friction):
        • यह मुख्य रूप से सतही बलों (जैसे- वैन डेर वाल्स बल) और परमाणु अंतःक्रियाओं द्वारा नियंत्रित होता है।
        • उच्च सतह-से-आयतन अनुपात के कारण संपर्क क्षेत्र बढ़ने से घर्षण की संभावना बढ़ जाती है।
        • महत्व: नैनो-रोबोटिक्स और MEMS (माइक्रो-इलेक्ट्रो-मैकेनिकल सिस्टम) जैसे अनुप्रयोगों के लिए नैनोस्केल घर्षण का प्रबंधन आवश्यक है।

नैनो-पदार्थों के प्रकार

विमा (Dimension) के आधार पर नैनो-पदार्थों का वर्गीकरण

विमा अर्थ (Meaning)उदाहरण 
0D (शून्य-आयामी)तीनों आयाम (लंबाई, चौड़ाई और ऊँचाई) < 100 nm होते हैं।क्वांटम डॉट्स, फुलरीन, नैनोकण (बिंदु के समान)।
1D (एक-आयामी)एक आयाम बड़ा होता है, जबकि दो आयाम नैनो-स्तर पर होते हैं।कार्बन नैनोट्यूब (CNTs), नैनो-वॉयर (तार), नैनो-रॉड।
2D (द्वि-आयामी)एक आयाम नैनो-स्तर (मोटाई) पर होता है, जबकि दो आयाम बड़े होते हैं।ग्राफीन, नैनो-शीट्स, पतली परतें (Thin films), क्वांटम वेल।
3D (त्रि-आयामी)नैनो-स्तरीय इकाइयों से संयोजित या बड़े आकार के पदार्थ।नैनो-कंपोजिट, डेंड्रिमर्स, नैनोकणों के समूह।
नैनो टेक्नोलॉजी

कार्बन अपरूप: विमा + संरचना

अपरूपविमासंरचना
फुलरीन (C₆₀)0Dगोलाकार (फुटबॉल जैसी)
कार्बन नैनोट्यूब (CNTs)1Dबेलनाकार ट्यूब
ग्राफीन2Dकार्बन परमाणुओं की एकल परत
ग्रेफाइट / हीरा3Dग्रेफाइट = परतदार शीट्स; हीरा = कठोर 3D नेटवर्क

संघटन के आधार पर प्रकार (Types Based on Composition):

  1. कार्बनिक/कार्बन-आधारित:
    1. इनमें कार्बन एक प्रमुख घटक होता है।
    2. उदाहरण: कार्बन नैनोट्यूब (CNTs) और फुलरीन।
  2. अकार्बनिक/धातु-आधारित:
    1. इनमें धातु या धातु ऑक्साइड शामिल होते हैं।
    2. उदाहरण: नैनोसिल्वर (नैनो-चांदी), नैनोगोल्ड (नैनो-सोना), क्वांटम डॉट्स और धातु ऑक्साइड (जैसे: टाइटेनियम डाइऑक्साइड)।
  3. नैनोकंपोजिट्स (Nanocomposites):
    1. ये नैनो-पदार्थों को अन्य पदार्थों के साथ मिलाकर बनाए जाते हैं।
    2. उदाहरण: प्लास्टिक में नैनो-आकार की मिट्टी का संयोजन।
  4. डेंड्राइमर (Dendrimers):
    1. ये वृक्ष के समान संरचना वाले शाखित बहुलक (Branched polymers) होते हैं।
    2. उपयोगिता: उच्च सतह क्षेत्र और प्रकार्यात्मक क्षमताओं के कारण, ये औषधि वितरण और आणविक पहचान में अत्यंत उपयोगी हैं।

विशिष्ट संरचना या कार्यक्षमता पर आधारित प्रकार:

  1. नैनो कैप्सूल (Nanocapsules):
    1. ये खोखले नैनोकण होते हैं।
    2. उपयोगिता: नियंत्रित और लक्षित औषधि वितरण के लिए उपयोग किए जाते हैं।
  2. नैनोफाइबर्स (Nanofibers):
    1. ये रेशेदार संरचनाएं (बहुलक या कार्बन) होती हैं।
    2. उपयोगिता: इनका उच्च सतही क्षेत्रफल इन्हें निस्पंदन, वस्त्र उद्योग और ऊतक इंजीनियरिंग (tissue engineering) के लिए आदर्श बनाता है।
  3. नैनोपोरस पदार्थ (Nanoporous Materials):
    1. इन पदार्थों में नैनो-छिद्र (pores) होते हैं।
    2. उपयोगिता: इनका उपयोग निस्पंदन (filtration) और उत्प्रेरण (catalysis) में किया जाता है।
  4. नैनोफोम्स (Nanofoams):
    1. ये गैस से भरे ठोस या तरल मैट्रिक्स होते हैं।
    2. उपयोगिता: विसंवाहन (Insulation) और हल्के वजन वाली सामग्री बनाने में इनका प्रयोग होता है।

नैनो-प्रौद्योगिकी की चार पीढ़ियां (Four Generations of Nanotechnology)

पीढ़ीसमय सीमातकनीकी नामउदाहरण
I1980 के दशक के अंत से 2000 तकनिष्क्रिय नैनो-संरचनाएँ(Passive Nanostructures)एरोसोल (सरल सतही लेपन/कोटिंग्स, सनस्क्रीन में नैनो-पाउडर, पेंट और दाग-प्रतिरोधी कपड़े)।
II2000 के दशक की शुरुआत से 2010 तकसक्रिय नैनो-संरचनाएँ/उपकरण (Active Nanostructures)लक्षित औषधियाँ (ऐसे नैनोकण जो पर्यावरण के साथ सक्रिय रूप से अंतःक्रिया करते हैं, जैसे ड्रग डिलीवरी, सेंसर या एक्यूएटर)।
III2010 के मध्य से वर्तमान तकनैनो-प्रणालियों का तंत्र (Systems of Nanosystems)3D नेटवर्किंग (कई नैनो-घटकों का जटिल कार्यात्मक प्रणालियों में एकीकरण, जैसे नैनो-रोबोटिक्स और उन्नत नैनो-इलेक्ट्रॉनिक्स)।
IVभविष्य/सैद्धांतिकआणविक नैनो-प्रणालियाँ (Molecular Nanosystems)आणविक विनिर्माण (परमाणु रूप से सटीक विनिर्माण (APM), जिसमें “नैनोबॉट्स” या मॉलिक्यूलर असेंबलर का उपयोग करके परमाणुओं से वस्तुओं का निर्माण किया जाता है)।
नैनो टेक्नोलॉजी

नैनो-विनिर्माण तकनीक (Nanofabrication Techniques)

  • टॉप-डाउन दृष्टिकोण (ऊर्ध्व-अधोगामी/नक्काशी विधि) (Sculpting):
    • मूल सिद्धांत: इसमें एक बड़े पदार्थ (Bulk material) से शुरुआत की जाती है और नैनो-स्तर की अपेक्षित विमाएँ प्राप्त करने के लिए अनावश्यक सामग्री को हटा दिया जाता है (जैसे नक्काशी करना)।
    • उपयोग की जाने वाली तकनीकें:
      • लिथोग्राफी (फोटो, इलेक्ट्रॉन बीम – EBL, एक्स-रे)
      • नक्काशी/एचिंग (प्रतिक्रियाशील आयन एचिंग – RIE, वेट एचिंग, लेजर एब्लेशन)
    • उदाहरण: माइक्रोचिप्स का निर्माण, सौर सेल के लिए नैनो-पैटर्निंग।
    • लाभ: उच्च सटीकता, बड़े पैमाने पर उत्पादन के लिए उपयुक्त।
    • सीमाएँ: सामग्री का अपव्यय होता है, परिष्कृत उपकरणों की आवश्यकता के कारण अत्यधिक खर्चीला होता है।
  • बॉटम-अप दृष्टिकोण (अधो-ऊर्ध्वगामी / निर्माण विधि) (Building):
    • मूल सिद्धांत: यह परमाणु या आणविक स्तर से शुरू होता है। वांछित नैनो-संरचनाओं का निर्माण स्व-संयोजन या रासायनिक संश्लेषण के माध्यम से किया जाता है।
    • उपयोग की जाने वाली तकनीकें: स्व-संयोजन (DNA नैनो-प्रौद्योगिकी), रासायनिक वाष्प निक्षेपण (CVD), परमाणु परत निक्षेपण (ALD), एपिटैक्सियल ग्रोथ, कोलॉइडी संश्लेषण।
    • उदाहरण: क्वांटम डॉट्स, कार्बन नैनोट्यूब, औषधि वितरण प्रणाली का निर्माण।
    • लाभ: सामग्री का न्यूनतम अपव्यय, जटिल और सूक्ष्म संरचनाओं के निर्माण में सक्षम।
    • सीमाएँ: टॉप-डाउन विधि की तुलना में कम सटीक।
पहलू टॉप-डाउन (Top-Down)बॉटम-अप (Bottom-Up)
प्रक्रिया (Process)व्यवकलनात्मक/अपघटनी (Subtractive): पदार्थ को हटाकर नैनो-आकार देना।योगात्मक/संयोजनात्मक (Additive): परमाणुओं/अणुओं से संरचना का निर्माण करना।
सटीकता (Precision)पैटरनिंग (Patterning) में उच्च सटीकताजटिल संरचनाएँ, लेकिन तुलनात्मक रूप से कम सटीक
अपशिष्ट (Waste)इसमें सामग्री का अपव्यय (Waste) अधिक होता है।सामग्री का न्यूनतम अपव्यय
अनुप्रयोग इलेक्ट्रॉनिक्स: (माइक्रोचिप्स, एकीकृत परिपथ।औषधि वितरण, क्वांटम डॉट्स, कार्बन नैनोट्यूब।
लागत (Cost)महंगे उपकरणों के कारण उच्च लागतजटिल संरचनाओं के लिए अधिक लागत प्रभावी (सस्ता)
स्केलेबिलिटी (Scalability)बड़े पैमाने पर उत्पादन के लिए उपयुक्त।औद्योगिक स्तर पर बड़े पैमाने पर विस्तार करना कठिन है।

लोकप्रिय नैनो-पदार्थ (Popular Nanomaterials)

ग्राफीन 

  • ग्राफ़ीन कार्बन का एक अपररूप है। यह कार्बन परमाणुओं की एकल परत से बना होता है, जो एक द्वि-आयामी (2D) षट्कोणीय जालक (Honeycomb) संरचना में व्यवस्थित होते हैं। 
  • गुणधर्म (Properties):
    • सबसे पतला यौगिक: यह ज्ञात पदार्थों में सबसे पतला है, जिसकी मोटाई मात्र एक परमाणु के बराबर होती है।
    • सबसे हल्का पदार्थ: यह अब तक ज्ञात सबसे हल्का पदार्थ है।
    • अद्वितीय सामर्थ्य और लचीलापन: यह खोजा गया सबसे मजबूत पदार्थ है (इस्पात से 100-300 गुना अधिक मजबूत), फिर भी यह रबर से भी अधिक लचीला होता है।
    • उत्कृष्ट चालकता: यह कमरे के तापमान पर ऊष्मा का सबसे अच्छा चालक और विद्युत का सर्वोत्तम सुचालक है।
    • उच्च पारदर्शिता: यह लगभग पूर्णतः पारदर्शी होता है क्योंकि यह केवल 2% प्रकाश को ही अवशोषित करता है।
  • अनुप्रयोग (Applications)
    • इलेक्ट्रॉनिक्स: लचीली स्क्रीन और ट्रांजिस्टर के निर्माण में उपयोग।
    • रक्षा: हल्के वजन वाले सुरक्षा कवच बनाने में।
    • ऊर्जा भंडारण: उच्च क्षमता वाली बैटरी और सुपरकैपेसिटर में।
    • पर्यावरण: जल के विलवणीकरण और विभिन्न प्रकार के सेंसर के रूप में।
    • चिकित्सा: औषधि वितरण और ऊतक इंजीनियरिंग में।

कार्बन नैनोट्यूब (CNTs)

  • CNTs ग्राफीन की बेलनाकार परतों को लपेटकर बनाए जाते हैं, जिनका व्यास नैनो-स्केल पर होता है। 
  • इनकी लंबाई व्यास की तुलना में बहुत अधिक होने के कारण इन्हें एक-विमीय (One-dimensional) संरचना माना जाता है।
  • गुणधर्म (Properties):
    • उच्च तनन सामर्थ्य: ये इस्पात की तुलना में 100-300 गुना अधिक मजबूत और वजन में बहुत हल्के होते हैं।
    • उच्च चालकता: इनकी विद्युत चालकता तांबे से भी अधिक होती है और ये ऊष्मा के भी उत्तम चालक हैं।
    • सतही क्षेत्रफल: इनका सतही क्षेत्रफल बहुत अधिक होता है और ये रासायनिक रूप से स्थिर होते हैं।
  • संश्लेषण की विधियाँ
    • आर्क डिस्चार्ज विधि
    • लेजर एब्लेशन विधि
    • रासायनिक वाष्प निक्षेपण (CVD)
  • अनुप्रयोग (Applications)
    • इलेक्ट्रॉनिक्स: नैनो-इलेक्ट्रॉनिक्स में ट्रांजिस्टर और इंटरकनेक्ट्स के निर्माण में।
    • एयरोस्पेस: अंतरिक्ष और विमानन के लिए मजबूत, हल्के मिश्रित पदार्थ (कंपोजिट) बनाने में।
    • ऊर्जा: ऊर्जा भंडारण प्रणालियों में (बैटरी और सुपरकैपेसिटर)।
    • चिकित्सा: विशिष्ट अंगों तक दवा पहुँचाने के लिए औषधि वितरण प्रणालियों में।
    • पर्यावरण: नैनो-झिल्लियों का उपयोग करके जल शोधन में।
    • जैविक निगरानी: बायोसेंसर (जैविक तत्वों की पहचान और निगरानी के लिए) के निर्माण में।

फुलरीन 

  • फुलरीन कार्बन के अपररूपों का एक वर्ग है, जिनकी संरचना पिंजरे जैसी या बेलनाकार (3D संरचना) होती हैं।
  • बकमिन्स्टर फुलरीन (C60​): यह सबसे प्रसिद्ध फुलरीन है। इसकी संरचना एक फुटबॉल (सॉकर बॉल) के समान होती है, जिसमें 60 कार्बन परमाणु पंचकोण (Pentagons) और षट्कोण (Hexagons) के रूप
  • में व्यवस्थित होते हैं।  
  • प्राकृतिक उपस्थिति: फुलरीन प्रकृति में प्रचुर मात्रा में नहीं पाए जाते हैं, लेकिन ये काजल (Soot), ज्वालामुखी विस्फोटों, अंतरतारकीय धूल के बादलों और बिजली गिरने जैसी घटनाओं में मौजूद होते हैं।

कार्बन नैनो फ्लोरेट्स 

  • संरचना: ये कार्बन परमाणुओं से बनी एक अनूठी नैनो-संरचना हैं, जो एक विशिष्ट पुष्प जैसी (Flower-like) आकृति में व्यवस्थित होती हैं।
  • प्रकाश अवशोषण क्षमता: इनमें सूर्य के प्रकाश (अवरक्त, दृश्य और पराबैंगनी) के 87% तक के हिस्से को अवशोषित करने की क्षमता होती है।
  • तापीय रूपांतरण में दक्षता: पारंपरिक सौर-तापीय पदार्थों (जो केवल दृश्य और पराबैंगनी प्रकाश को अवशोषित करते हैं) के विपरीत, कार्बन नैनो फ्लोरेट्स प्रकाश को ऊष्मा (Heat) में परिवर्तित करने में अत्यधिक कुशल होते हैं।
  • शंकु रूपी संरचना का लाभ: इनका शंकु जैसा (Cone-like) आकार प्रकाश के परावर्तन को कम करता है, जिससे अधिकतम प्रकाश अवशोषण संभव हो पाता है।

अन्य महत्वपूर्ण नैनो-पदार्थ 

क्वांटम डॉट्स 

  • क्वांटम डॉट्स एक प्रकार की अर्धचालक नैनो-संरचना हैं, जिनका विशिष्ट आकार 2 से 10 नैनोमीटर के बीच होता है।
  • मुख्य विशेषताएँ:
    • त्रिविमीय अवरोध: इनमें इलेक्ट्रॉन और होल (Holes) तीनों स्थानिक विमाओं में सीमित (परिबद्ध) रहते हैं। इस कारण इन्हें अक्सर “कृत्रिम परमाणु” (Artificial atoms) भी कहा जाता है।
    • क्वांटम अवरोध प्रभाव: ये अपनी अद्वितीय प्रकाशिक और इलेक्ट्रॉनिक विशेषताओं के लिए जाने जाते हैं, जो ‘क्वांटम अवरोध प्रभाव’ के कारण उत्पन्न होती हैं।
  • अनुप्रयोग: एलईडी (LEDs), सौर सेल, जैव-प्रतिबिंबन (Bio-imaging) और क्वांटम कंप्यूटिंग में।
  • ऐतिहासिक उपलब्धि: क्वांटम डॉट्स की खोज और संश्लेषण (Synthesis) के लिए वर्ष 2023 का रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार मुंगी जी. बावेंडी (Moungi G. Bawendi), लुई ई. ब्रूस (Louis E. Brus), और अलेक्सी आई. एकिमोव (Alexei I. Ekimov) को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया था।

क्वांटम वेल (Quantum Well)

  • क्वांटम वेल (Quantum Well) का निर्माण तब होता है जब किसी पदार्थ की एक विमा (Dimension) को नैनो-स्केल (1-100 नैनोमीटर) तक घटाया जाता है, जबकि उसकी अन्य दो विमाएँ बड़ी बनी रहती हैं।
  • यह स्थिति उस एक दिशा में क्वांटम अवरोध (Quantum Confinement) उत्पन्न करती है, जिसके परिणामस्वरूप पदार्थ के इलेक्ट्रॉनिक और प्रकाशिक गुणों में बदलाव आता है।

स्वर्ण नैनोकण (AuNPs)

  • अद्वितीय गुणधर्म (Unique Properties):
    • सूक्ष्म आकार (1-100 nm): उच्च सतह-से-आयतन अनुपात, जिसके परिणामस्वरूप अभिक्रियाशीलता बढ़ जाती है।
    • प्रकाशिक गुण: सतह प्लास्मोन अनुनाद (Surface Plasmon Resonance) के कारण प्रकाश का तीव्र अवशोषण और प्रकीर्णन।
    • जैव-संगतता (Biocompatibility): ये गैर-विषाक्त होते हैं और जैव-चिकित्सा उपयोग के लिए उपयुक्त हैं।
  • चिकित्सा अनुप्रयोग:
    • निदान: बायोसेंसर के निर्माण और प्रतिबिंबन (Imaging) तकनीकों में उपयोग।
    • औषधि वितरण: दवाओं या DNA को शरीर के भीतर लक्षित कोशिकाओं तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना।
    • उपचार: फोटोथर्मल थेरेपी में इस्तेमाल, जहाँ प्रकाश को ऊष्मा में बदलकर कैंसर कोशिकाओं को नष्ट किया जाता है।
    • प्रसाधन सामग्री: इनके एंटीऑक्सीडेंट और बुढ़ापा रोधी गुणों के कारण।
  • हालिया प्रगति: कॉर्डी गोल्ड नैनोपार्टिकल्स (Cor-AuNPs)
    • यह कॉर्डिसेप्स फंगस (Cordyceps fungi) के अर्क और स्वर्ण नैनोकणों का एक संयोजन है।
    • नवाचार: इसे चार भारतीय वैज्ञानिक संस्थानों द्वारा मिलकर विकसित किया गया है; हाल ही में इसे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर (जर्मनी में) पेटेंट कराया गया है।
    • उपयोग: यह मानव शरीर के भीतर औषधि वितरण प्रक्रिया को तेज और अधिक सुरक्षित बनाने में सहायक है।
    • महत्व: यह नवाचार नैनो-मेडिसिन और विशेष रूप से लक्षित उपचार (Targeted Treatment) के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

फ्लोरोसेंट नैनोडायमंड (FND)

  • ये कार्बन नैनोकणों से बने नैनो-आकार के हीरे होते हैं जिनमें प्रतिदीप्ति का गुण पाया जाता है।
  • अनुप्रयोग: उच्च-रिज़ॉल्यूशन प्रतिबिंबन, सूक्ष्म-स्तरीय तापमान संवेदन, सह-संबंधी सूक्ष्मदर्शिकी और लंबी अवधि तक कोशिकाओं एवं उनकी संतति को ट्रैक करने में।

गोल्डीन 

  • परिभाषा: यह सोने (Gold) की 1-परमाणु मोटी परत है (यह ग्राफीन के समान है, लेकिन इसमें सोने के परमाणु होते हैं)।
  • निर्माण प्रक्रिया:: इसका निर्माण टाइटेनियम कार्बाइड की परतों के बीच सिलिकॉन को रखकर किया जाता है, जिसके बाद सोना निक्षेपित किया जाता है। इस प्रक्रिया के दौरान सोने के परमाणु सिलिकॉन का स्थान ले लेते हैं, जिससे सोने की एक एकल-परत का निर्माण होता है।
  • संभावित अनुप्रयोग: इलेक्ट्रॉनिक्स में उत्प्रेरक के रूप में, कार्बन डाइऑक्साइड रूपांतरण, हाइड्रोजन उत्पादन और जल शोधन में।
  • महत्व: यह एक उभरता हुआ द्वि-आयामी (2D) पदार्थ है, जिसमें भविष्य के औद्योगिक और पर्यावरणीय अनुप्रयोगों के लिए अपार संभावनाएँ हैं।

मैक्सिन (MXenes)

  • परिभाषा: ये MAX फेस क्रिस्टल से प्राप्त द्वि-आयामी (2D) परतदार सिरेमिक पदार्थ हैं।
  • गुणधर्म: इनमें उत्कृष्ट चालकता और उच्च आयतनिक धारिता होती है।
  • उपयोग: ऊर्जा भंडारण (सुपरकैपेसिटर, बैटरी), ऑप्टोइलेक्ट्रॉनिक्स और जैव-चिकित्सा उपकरणों में।

नैनोजाइम्स (Nanozymes)

  • परिभाषा: नैनोजाइम्स नैनो-पदार्थों का एक वर्ग हैं जो एंजाइमों के समान उत्प्रेरक गुण प्रदर्शित करते हैं।
  • ये प्राकृतिक एंजाइमों (जैसे ऑक्सीडेज, पेरोक्सीडेज, कैटालेज, सुपरऑक्साइड डिसम्यूटेज) की क्रिया की नकल करते हैं।
  • संरचना: प्राकृतिक एंजाइमों के विपरीत, ये प्रोटीन के बजाय अकार्बनिक या कृत्रिम नैनो-पदार्थों से बने होते हैं।
  • प्रथम रिपोर्ट: इनकी खोज पहली बार 2007 में हुई थी (Fe₃O₄ नैनोकणों द्वारा पेरोक्सीडेज की नकल)।
  • नैनोजाइम्स के लाभ:
    • बेहतर स्थिरता: प्राकृतिक एंजाइमों की तुलना में अधिक स्थिर
    • कठोर परिस्थितियों में कार्यक्षमता: भिन्न pH और उच्च तापमान जैसी कठोर परिस्थितियों में भी प्रभावी रहते हैं।
    • लागत प्रभावी: इनका उत्पादन सस्ता होता है।
  • अनुप्रयोग:
    • चिकित्सा निदान: बायोसेंसर (जैसे ग्लूकोज की पहचान) में उपयोग।
    • पर्यावरण उपचार: प्रदूषकों को हटाने के लिए पर्यावरण स्वच्छता में।
    • जीवाणुरोधी: सूक्ष्मजीवों को नष्ट करने वाली चिकित्सा में।
    • कैंसर चिकित्सा: ROS-आधारित उपचारों में।

NANOPTA (प्लेटिनम-आधारित सिंथेटिक नैनोजाइम)

  • प्रकृति: यह प्लेटिनम युक्त एक संश्लेषित (सिंथेटिक) या कृत्रिम नैनोजाइम है।
  • कार्य: यह ऑक्सीडेज एंजाइम की नकल करता है, जो ऑक्सीजन की उपस्थिति में सबस्ट्रेट्स से हाइड्रोजन को हटाकर पानी बनाता है।
  • अनुप्रयोग
    • पर्यावरणीय अनुप्रयोग:
      • प्रदूषक ऑक्सीकरण: औद्योगिक अपशिष्ट जल में मौजूद प्रदूषकों का ऑक्सीकरण करने में सक्षम।
      • सूर्य के प्रकाश की क्रिया: सूर्य के प्रकाश की उपस्थिति में कार्य करके जल की विषाक्तता को कम करता है।
      • उच्च सहनशीलता: pH और तापमान में परिवर्तन के प्रति अत्यधिक मजबूत और सहनशील।
    • जैव-चिकित्सा अनुप्रयोग:
      • न्यूरोट्रांसमीटर ऑक्सीकरण: डोपामाइन और एड्रेनालाईन जैसे न्यूरोट्रांसमीटरों का ऑक्सीकरण करता है, जिससे विलयन के रंग में परिवर्तन होता है।
      • निदान में उपयोग: इस रंग परिवर्तन के आधार पर न्यूरोट्रांसमीटर के स्तर को मापा जा सकता है, जो पार्किंसंस और अल्जाइमर जैसे तंत्रिका-क्षयकारी रोगों के निदान में संभावित रूप से उपयोगी है।

नैनो प्लास्टिक

  • परिभाषा: प्लास्टिक के कण जिनका आकार < 5 mm हो, उन्हें माइक्रोप्लास्टिक कहा जाता है और जिनका आकार < 100 nm हो, उन्हें नैनो-प्लास्टिक कहा जाता है।
  • ये प्रसाधन सामग्री, सिंथेटिक कपड़ों, प्लास्टिक की थैलियों और बोतलों में पाए जाते हैं।

CalBots – दाँतों की संवेदनशीलता के लिए चुंबकीय नैनोबॉट्स

  • भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरु और इसके स्टार्टअप थेरानॉटिलस प्राइवेट लिमिटेड ने मिलकर दाँतों की संवेदनशीलता (Tooth Sensitivity) के उपचार के लिए एक अभिनव नैनो-बॉट प्रणाली विकसित की है।
  • प्रकार: चुंबकीय जैव-सिरेमिक नैनोकण।
  • आकार: लगभग 400 नैनोमीटर (nm)।
  • कार्यप्रणाली (Mechanism):
    • इन नैनोबोट्स को बाहरी चुंबकीय क्षेत्र द्वारा नियंत्रित और संचालित किया जाता है।
    • ये नैनोबोट्स दांतों में मौजूद सूक्ष्म दंत नलिकाओं (dentinal tubules) के भीतर गहराई तक प्रवेश करते हैं।
    • नलिकाओं के भीतर पहुँचकर, ये नैनोकण स्वयं को एक ‘प्लग’ (अवरोधक) के रूप में व्यवस्थित कर लेते हैं।
  • प्रभाव: यह अवरोधक संरचना, दर्द के संकेतों को तंत्रिकाओं तक पहुँचने से प्रभावी ढंग से रोक देती है, जिससे संवेदनशीलता का उपचार होता है। 

नैनो उर्वरक (Nano Fertilizer)

  • नैनो उर्वरक अत्यधिक कुशल होते हैं, जो सूक्ष्म कणों के माध्यम से फसलों को आवश्यक पोषक तत्व (जैसे नाइट्रोजन, फास्फोरस) प्रदान करते हैं।
नैनो यूरिया (तरल)/Nano Urea Liquid
  • विकास: 2022 में भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड (IFFCO) द्वारा विकसित।
  • उद्देश्य: पारंपरिक यूरिया की आवश्यकता को 50% तक कम करके उसका स्थान लेना।
  • विशेषता:
    • कण का आकार < 100 nm → यह उच्च सतही क्षेत्रफल प्रदान करता है → जिससे अवशोषण ( बेहतर होता है।
  • भारत तरल नैनो यूरिया का व्यावसायिक उत्पादन शुरू करने वाला पहला देश है।
नैनो डीएपी (तरल)/Nano DAP (Liquid)
  • विकास: 2023 में IFFCO द्वारा विकसित एक नैनो-प्रौद्योगिकी आधारित कृषि-आगत।
  • संघटन: 8% नाइट्रोजन (N) और 16% फास्फोरस (P₂O₅)।
  • मुख्य विशेषताएँ:
    • कण का आकार < 100 nm, जिससे उच्च सतही क्षेत्रफल और कुशल अवशोषण होता है।
    • पोषक तत्व उपयोग दक्षता: 90% से अधिक (पारंपरिक उर्वरकों के लिए यह लगभग 30–40% होती है)।
  • महत्व: यह आयातित उर्वरकों पर देश की निर्भरता को कम करने में सहायक है।
  • पहला संयंत्र: पहले नैनो डीएपी संयंत्र का उद्घाटन कलोल, गांधीनगर (गुजरात) में किया गया।
यूरिया गोल्ड (Urea Gold)
  • लॉन्च: भारत के प्रधानमंत्री द्वारा 27 जुलाई 2023 को सीकर, राजस्थान में लॉन्च किया गया।
  • विशेषता: यह यूरिया की एक नई किस्म है जिसे सल्फर (गंधक) के साथ लेपित (Coated) किया गया है। इसका विकास भी IFFCO द्वारा किया गया है।
  • मुख्य उद्देश्य:
    • दोहरा पोषक तत्व वितरण (नाइट्रोजन + सल्फर) सुनिश्चित करना।
    • मिट्टी में सल्फर की कमी को दूर करना।
    • नाइट्रोजन उपयोग दक्षता (NUE) को बढ़ाना।

उर्वरकों के प्रमुख प्रकार (IFFCO)

प्रकारउदाहरणउद्देश्य
नीम-लेपित यूरिया (Neem-coated Urea)2015 में लॉन्च किया गयादुरुपयोग को कम करना, नाइट्रोजन के ‘धीमी गति से अवमुक्त’ (Slow release) होने को सुनिश्चित करना।
नैनो यूरिया (Nano Urea)2021तरल रूप, कुशल अवशोषण।
यूरिया गोल्ड (Urea Gold)2023सल्फर (गंधक) के साथ फोर्टीफाइड (Fortified)

नैनो गोल्ड आधारित कीटाणुनाशक 

  • प्रकार: यह पर्यावरण के अनुकूल एक सार्वत्रिक कीटाणुनाशक (Universal disinfectant) है।
  • संघटन (Composition):
    • इसमें नैनो-प्रौद्योगिकी का उपयोग करके तैयार किया गया 10 ppm नैनो गोल्ड होता है।
    • नैनो गोल्ड को चिटोसन (Chitosan) आधारित जैव-बहुलक में समाहित किया गया है।
    • इसे अमीनो एसिड पर स्थापित कर पानी में निलंबित किया गया है।
  • अनुप्रयोग: इसका उपयोग स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्रों में रोगजनक सूक्ष्मजीवों के कीटाणुशोधन के लिए किया जाता है।
  • महत्वपूर्ण विकास: IIT बॉम्बे और AIIMS दिल्ली ने कैंसर की शीघ्र पहचान के लिए एक नैनो-गोल्ड आधारित बायोसेंसर विकसित किया है, जिसके नैदानिक परीक्षण 2025 में शुरू हुए।

नैनो फिल्टर 

  • विकासकर्ता: IIT मद्रास और BHU (बनारस हिंदू विश्वविद्यालय) द्वारा संयुक्त रूप से विकसित।
  • विशेषता: यह नैनो-प्रौद्योगिकी पर आधारित एक उन्नत निस्पंदन (Advanced Filtration) और शुद्धिकरण प्रणाली है।
  • कार्यविधि: यह पानी या मिट्टी से संदूषकों, भारी धातुओं और रोगजनकों को प्रभावी ढंग से हटाता है।
  • उपयोग/अनुप्रयोग:
    • ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करना।
    • सिंचाई के पानी में भारी धातुओं के संदूषण को कम करने के लिए कृषि क्षेत्र में उपयोग।

बायो डीकंपोजर (Pusa Bio Decomposer)

  • यह एक सूक्ष्मजीवीय तरल स्प्रे है जो कार्बनिक कचरे और फसल अवशेषों को कार्बनिक खाद में अपघटित कर देता है।
  • विकास: पूसा बायो डीकंपोजर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) द्वारा विकसित एक कवक-आधारित (Fungi-based) बायो डीकंपोजर है। यह फसल अवशेषों (पराली) को 15-20 दिनों में कार्बनिक खाद में बदल सकता है।
  • महत्व:
    • पराली जलाने की घटनाओं को कम करता है (दिल्ली-NCR प्रदूषण नियंत्रण)।
    • मृदा की उर्वरता और कार्बनिक सामग्री में वृद्धि करता है।

कैंसर उपचार में नैनो-प्रौद्योगिकी (भारत की उपलब्धियां)

  • गोल्ड “नैनो-कप” फोटोटर्मल थेरेपी (PTT)
    • विकासकर्ता: INST मोहाली, IIT बॉम्बे और टाटा मेमोरियल सेंटर, बॉम्बे।
    • प्रक्रिया (Mechanism):
      • गोल्ड नैनो-कप को विशेष रूप से कैंसर कोशिकाओं को लक्षित करने के लिए बनाया गया है।
      • निकट-अवरक्त प्रकाश (NIR) के संपर्क में आने पर → ये प्रकाश को अवशोषित करते हैं → और उसे ऊष्मा (Heat) में परिवर्तित कर देते हैं → जिससे कैंसर कोशिकाएं नष्ट हो जाती हैं।
    • लाभ (Advantages):
      • यह एक न्यूनतम आक्रामक और रसायन-मुक्त चिकित्सा है। 
      • इसे ‘नेचर’ जर्नल में प्रकाशित कर वैश्विक मान्यता मिली है।
  • स्तन कैंसर उपचार के लिए नैनोआर्कियोसोम (Nanoarchaeosomes)
    • विकासकर्ता: IIT मद्रास
    • प्रक्रिया (Mechanism):
      • ये जैव-संगत (Biocompatible) नैनो-कैरियर कैंसर विरोधी दवाओं को सीधे ट्यूमर कोशिकाओं तक पहुँचाते हैं।
      • ये कमरे के तापमान पर स्थिर रहते हैं, जो ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा रसद के लिए महत्वपूर्ण है।
    • लाभ (Advantages):
      • लक्षित दवा वितरण → स्वस्थ कोशिकाओं को कम नुकसान।
      • एंटी-कैंसर दवाओं की प्रभावशीलता में वृद्धि।
      • कीमोथेरेपी की तुलना में दुष्प्रभावों में कमी।
    • वर्तमान स्थिति: पेटेंट दाखिल; क्लिनिकल ट्रायल लंबित।

नैनोस्निफ टेक्नोलॉजी (NanoSniff)

  • परिचय: यह IIT-बॉम्बे द्वारा समर्थित एक स्टार्टअप है।
  • महत्वपूर्ण उपलब्धि: इस स्टार्टअप ने ‘नैनोस्निफर’ नामक दुनिया का पहला माइक्रोसेंसर-आधारित विस्फोटक ट्रेस डिटेक्टर (Explosive Trace Detector – ETD) विकसित किया है।
  • क्षमता: यह उपकरण विस्फोटक के अत्यंत सूक्ष्म अंशों की भी पहचान करने में सक्षम है।

नैनोशेल्स (Nanoshells)

  • परिभाषा: ये ऐसे नैनोकण हैं जिनमें एक परावैद्युत कोर (Dielectric core) (जैसे: सिलिका) और उसके चारों ओर एक पतली धात्विक शेल (जैसे: सोना) होती है।
  • अद्वितीय गुणधर्म: इन कणों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि कोर के आकार और शेल की मोटाई को समायोजित करके, वे विशिष्ट तरंगदैर्ध्य के प्रकाश को अवशोषित (Absorb) या प्रकीर्णित (Scatter) कर सकते हैं। यह गुण इन्हें लक्षित और विविध अनुप्रयोगों के लिए अत्यधिक प्रभावी बनाता है।
  • अनुप्रयोग:
    • चिकित्सा उपचार:
      • कैंसर उपचार (PTT): ये निकट-अवरक्त (NIR) प्रकाश को अवशोषित कर उसे ऊष्मा में बदलते हैं, जिससे कैंसर कोशिकाएं नष्ट हो जाती हैं।
      • औषधि वितरण: दवाओं का लक्षित विमोचन।
    • निदान और प्रतिबिंबन: ये ‘ऑप्टिकल कंट्रास्ट एजेंट’ के रूप में कार्य करते हैं।
    • बायोसेंसर: बहुत कम सांद्रता पर भी जैविक अणुओं का पता लगाने में सक्षम।
    • पर्यावरण: प्रदूषकों की पहचान और जल शोधन में।

परिभाषा: यह एक काल्पनिक स्थिति है जिसमें स्व-प्रतिकृति (Self-replicating) करने वाले नैनो-रोबोट नियंत्रण से बाहर हो जाते हैं और पृथ्वी के सभी पदार्थों का उपभोग कर लेते हैं।

नैनो टेक्नोलॉजी
भारत में नैनो-प्रौद्योगिकी का विकास (Development of Nanotechnology in India)
  • भारत में नैनो-प्रौद्योगिकी के विकास की शुरुआत 2001 में विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के तहत नैनो विज्ञान और प्रौद्योगिकी पहल (NSTI) से हुई, जिसे 60 करोड़ रुपये का प्रारंभिक वित्त पोषण मिला। इसका मुख्य उद्देश्य अनुसंधान अवसंरचना का निर्माण और नैनो-विज्ञान में बुनियादी अनुसंधान को बढ़ावा देना था।
  • दसवीं पंचवर्षीय योजना (2002-2007) के दौरान एक समर्पित ‘नैनो-सामग्री विज्ञान और प्रौद्योगिकी मिशन’ (NSTM) की आवश्यकता को महसूस किया गया।
  • फलस्वरूप, 2007 में राष्ट्रीय नैनो विज्ञान और प्रौद्योगिकी मिशन (नैनो मिशन) की शुरुआत DST द्वारा की गई।
राष्ट्रीय नैनो विज्ञान और प्रौद्योगिकी मिशन (नैनो मिशन)
  • नेतृत्व: ‘नैनो मिशन परिषद’ (NMC) द्वारा प्रो. सी.एन.आर. राव के मार्गदर्शन में किया गया, जिन्हें भारतीय नैनो-प्रौद्योगिकी का जनक कहा जाता है।
  • उद्देश्य:
    • अनुसंधान अवसंरचना का निर्माण।
    • मानव संसाधन विकास (विशेषज्ञ तैयार करना)।
    • सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) को प्रोत्साहन।
    • अंतर्राष्ट्रीय सहयोग विकसित करना।
  • चरण:
    • प्रथम चरण (2007–2012): प्रयोगशालाओं की स्थापना और अनुसंधान एवं विकास हेतु वित्त पोषण पर केंद्रित।
    • द्वितीय चरण (2012–2017): सुदृढ़ीकरण, नवाचार और उद्योग के साथ जुड़ाव पर बल दिया गया।
  • समापन: नैनो मिशन 31 मार्च, 2017 को पूरा हुआ और इसे राष्ट्रीय नैनो विज्ञान और प्रौद्योगिकी कार्यक्रम (NPNST) में बदल दिया गया।
  • संबद्ध पहल: नैनो सिटी प्रोजेक्ट, पंचकुला (हरियाणा)
    • प्रस्ताव: यह पहल 2006 में हरियाणा सरकार द्वारा नोबेल पुरस्कार विजेता रिचर्ड स्माली (कार्बन नैनोट्यूब के खोजकर्ता, राइस यूनिवर्सिटी, यूएसए) के सहयोग से शुरू की गई थी।
    • उद्देश्य: अमेरिका की सिलिकॉन वैली की तर्ज पर एक नैनो-तकनीक हब विकसित करना।
    • वर्तमान स्थिति: अंतर्राष्ट्रीय मॉडलों (जैसे सूज़ौ नैनो सिटी, चीन) की तुलना में इसकी प्रगति काफी धीमी रही है।
उन्नति (UNNATI – ISRO द्वारा नैनो-उपग्रह असेंबली और प्रशिक्षण)
  • यह इसरो (ISRO) का एक उपग्रह प्रशिक्षण कार्यक्रम है।
  • लॉन्च: 2019 में (UNISPACE+50 पहल के तहत)।
  • उद्देश्य: विकासशील देशों के प्रतिभागियों को नैनो-उपग्रहों के डिजाइन, असेंबली, एकीकरण और परीक्षण में प्रशिक्षित करना।
ICANN 2025 (IIT गुवाहाटी, 12–14 दिसंबर, 2025)
  • यह ‘उन्नत नैनो-पदार्थ और नैनो-प्रौद्योगिकी’ पर 9वाँ अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन है।
  • मुख्य क्षेत्र: स्वास्थ्य सेवा, नैनो-पदार्थ, नैनो-इलेक्ट्रॉनिक्स, क्वांटम प्रौद्योगिकियां, पर्यावरण, ऊर्जा, अर्धचालक, सेंसर, फोटोनिक्स, और माइक्रो/नैनो-फ्लुइडिक्स।
ICNAN 2025 (VIT, वेल्लोर)
  • यह ‘नैनो-विज्ञान और नैनो-प्रौद्योगिकी’ पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन है।
  • विषयवस्तु: ऊर्जा, चिकित्सा, पर्यावरण विज्ञान और इलेक्ट्रॉनिक्स।
हालिया अपडेट (Current Updates)
  • नैनो चिप डिजाइन केंद्र: भारत के पहले 3 नैनोमीटर (3nm) चिप डिजाइन केंद्रों का शुभारंभ नोएडा में किया गया है, जो सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में भारत की प्रगति को दर्शाता है।
नैनो टेक्नोलॉजी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

error: Content is protected !!
Scroll to Top
Telegram WhatsApp Chat